पुलिस को चकमा देने की कोशिश नाकाम, हेलमेट की पैडिंग से बरामद हुआ चिट्टा

4 अगस्त: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की स्पैशल सैल ने शोघी बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए नशे की खेप हेलमेट की इनर पैडिंग के बीच छिपा रखी थी।

जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की टीम शोघी बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक नशे की खेप लेकर वहां से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोककर दोनों युवकों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी ध्रुव सलोतरा (23), निवासी शिमला, के हेलमेट की इनर पैडिंग के बीच छिपाकर रखा करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में पुलिस थाना वैस्ट शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब नशे की इस खेप से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। उन्होंने कहा कि शिमला जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *