4 अगस्त ,कविता शान्ति गौतम : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने नालागढ़ से श्री नैना देवी जी के लिए नई बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में एचआरटीसी के बेड़े में करीब 1000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि नालागढ़ बस अड्डे में इलेक्ट्रिक बसों के लिए दो चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि दो चार्जिंग स्टेशन वर्कशॉप में भी तैयार हैं। इससे क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मजबूती मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की मांग के अनुरूप एचआरटीसी नई बस सेवाएं शुरू कर रहा है। निगम पिछले 52 वर्षों से प्रदेश के लोगों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों को भी बस सेवा से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी व्यावसायिक संस्था के बजाय जनकल्याणकारी संस्था के रूप में कार्य कर रहा है और घाटे के बावजूद प्रदेश के लोगों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा रहा है। वर्तमान में निगम 27 वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा भी दे रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि व्यावसायिक वाहनों की आयु सीमा 12 से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा की मांग पर बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया रामशहर और बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया बघेरी दो नई बस सेवाएं शुरू करने की घोषणा भी की।
उन्होंने विधायक हरदीप सिंह बावा की कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक की मांग पर नालागढ़ डिपो को पहले ही 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई थीं और भविष्य में भी क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इससे पहले विधायक हरदीप बाबा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने नई बस सेवाएं शुरू करने के साथ ही व्यावसायिक वाहनों के परमिट की अवधि बढ़ाने का मामला भी उठाया। विधायक ने नालागढ़ डिपो को 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नालागढ़ ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, एचआरटीसी के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।