4 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ. वाई.एस. परमार का सपना था कि प्रदेश शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बने। आज 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल प्रदेश का पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी प्रदेश में लगातार महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी बदलाव किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार का विराट व्यक्तित्व और प्रदेश के विकास में उनका योगदान किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनकी दूरदर्शी नीतियों और विकास की सोच को धरातल पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा के जिन आदर्शों और मूल्यों को डॉ. परमार ने स्थापित किया, उन्हें आगे बढ़ाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे प्रयास इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।