17 सितम्बर: धीरा में 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एसडीएम कार्यालय धीरा में हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सहकारी, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान ने की।
संजय चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं और कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है।
बैठक में संजय चौहान ने लंबित योजनाओं की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। गैर सरकारी सदस्यों की ओर से उठाई गई समस्याओं और शंकाओं का भी समाधान किया गया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं को जल्द अमलीजामा पहनाने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। संजय चौहान ने कहा कि क्षेत्र के समान विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आगामी बैठक में योजनाओं की प्रगति की फिर समीक्षा की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री के सुलह विधानसभा क्षेत्र के आगामी दौरे को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।