खैरियां में 1.14 करोड़ रुपये से बनेगा पंचायत घर, विधायक कमलेश ठाकुर ने रखी आधारशिला

17 सितंबर: देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने खैरियां में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ग्राम पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) की आधारशिला रखी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्य की बधाई देते हुए कहा कि पंचायत घर के निर्माण से स्थानीय लोगों को पंचायत स्तर की विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत घर स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए बैठकों, प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का ध्यान रखते हुए भवन का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रस्तावित पंचायत घर के धरातल में पंचायत कार्यालय, प्रधान और सचिव कार्यालय, पंचायत बैठक कक्ष, मनरेगा कार्यालय, पैंट्री, शौचालय, कॉमन सर्विस सेंटर और कॉरिडोर की सुविधा होगी। प्रथम तल पर ग्राम सभा बैठक कक्ष, पुस्तकालय, सीढ़ी हॉल और शौचालय का प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने खैरियां पंचायत के वरिष्ठ नागरिक शेर सिंह चम्वयाल और विद्या देवी चम्वयाल को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कुमार, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सलाहकार हरि ओम शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चम्वयाल, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित ठाकुर, अनुसूचित जाति बोर्ड अध्यक्ष नवल किशोर, खंड विकास अधिकारी भानू प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पंचायती राज एनसी नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बलवीर ठाकुर, पंचायत प्रधान रेखा देवी, उपप्रधान गणेश बग्गा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *