पाईनग्रूव स्कूल धर्मपुर के समारोह में हर्षवर्द्धन चौहान ने छात्रों को किया प्रेरित

2 अक्तूबर: उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी हैं। वह सोलन विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर स्थित पाईनग्रूव स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे।

हर्षवर्द्धन चौहान ने विद्यार्थियों से अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए दृढ़ निश्चय और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठा रही है। पहली कक्षा से बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ आईटीआई स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ड्रोन जैसे पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी प्रतिस्पर्धात्मक युग में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत बेसहारा और निराश्रित बच्चों को ‘स्टेट ऑफ द चिल्ड्रन’ का दर्जा देकर उनकी देखभाल की जा रही है। योजना के तहत बच्चों को प्रतिमाह 3 हजार रुपये जेब खर्च के अलावा शिक्षा, कोचिंग, घर, जमीन, विवाह और स्टार्टअप अनुदान जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत सोलन जिले में अब तक लगभग 204 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा के तहत करीब 6,89,451 रुपये की राशि प्रदान की गई है।

श्रम एवं रोजगार मंत्री ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दौर में किताबें पढ़ने के महत्व से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि तकनीक से जुड़े रहना जरूरी है, लेकिन किताबों से प्राप्त ज्ञान हमेशा साथ रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबों, अखबारों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हर्षवर्द्धन चौहान ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल शर्मा, जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार डी.पी. शर्मा, आईपीएससी ट्रस्ट के निदेशक प्रमोद शर्मा, ज्ञान भारती स्कूल दिल्ली की निदेशक लता विद्यानाथन, पाईनग्रूव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए.जे. सिंह, पाईनग्रूव स्कूल शासक मंडल के सदस्य जोगिन्द्र बाजवा, पाईनग्रूव स्कूल धर्मपुर के हेड संजय चौहान, पाईनग्रूव स्कूल सुबाथू की हेड कैप्टन रेनु शर्मा सहित अध्यापक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *