4 मई: पुलिस थाना फतेहपुर क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को पौंग डैम खटियाड़ के वाटर स्पोर्ट्स एरिया में एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। यह घटना अटल बिहारी वाजपेयी क्षेत्रीय जल क्रीड़ा केंद्र संस्थान के पास हुई, जहां नहाने उतरे युवक की गहरे पानी में जाने से जान चली गई।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय लवप्रीत पुत्र संतोख कुमार निवासी चोगीठी चौक, जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लहरों में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि जलाशयों, नदियों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाते समय पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है।