गोपालपुर विकास खंड की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

11 सितंबर: विकासखंड गोपालपुर में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय गोपालपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन खंड विकास अधिकारी गोपालपुर रोहित चौहान ने किया, जबकि अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम ने की। बैठक में विकासखंड की सभी पंचायतों के प्रधानों सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में पंचायती राज विभाग के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को योजनाओं के प्रावधानों, पात्र लाभार्थियों की पहचान तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान बीपीएल चरण की भी समीक्षा की गई और पंचायत स्तर पर इसकी प्रगति तथा आगामी कार्यवाही को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में 16वें वित्त आयोग, एमपी लाइट्स, वीबी-जी राम जी और स्वच्छ भारत मिशन सहित पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तथा पंचायत स्तर पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की जानकारी दी।

एसडीएम राजेंद्र गौतम ने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों से विकास योजनाओं को प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से धरातल पर लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने के साथ कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *