11 सितम्बर: राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम तथा ‘स्वच्छ हवा एवं नशा मुक्त सुंदरनगर’ अभियान के तहत 12 सितंबर, शनिवार को सुंदरनगर में साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि रैली को सुबह 8 बजे पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड, सुंदरनगर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रैली का समापन छुक-छुक मेल के समीप होगा।
रैली का प्रस्तावित मार्ग पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड से चतरोखरी चौक, सिनेमा चौक, भोजपुर बाजार, पुराना बस स्टैंड होते हुए छुक-छुक मेल तक रहेगा। रैली में विद्यार्थी, युवा, स्वयंसेवक और समुदाय के सदस्य भाग लेंगे।
एसडीएम ने बताया कि रैली का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त सुंदरनगर का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं नशे के खिलाफ जागरूक करने में मदद मिलेगी।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को रैली के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए यातायात प्रबंधन, रूट समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मार्ग के प्रमुख यातायात बिंदुओं पर विशेष प्रबंध किए जाएंगे, ताकि रैली के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।