पब्बर नदी में दो स्कूली छात्रों के डूबने की आशंका, एनडीआरएफ ने संभाला सर्च ऑपरेशन

26 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में दो स्कूली छात्रों के डूबने की आशंका से हड़कंप मच गया है। दोनों छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय रोहड़ू में 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। लापता छात्रों की पहचान करासा निवासी 16 वर्षीय शिवेन और बनोटी (देवीधार) निवासी 16 वर्षीय सक्षम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों छात्र आपस में गहरे दोस्त हैं और मंगलवार को पब्बर नदी के किनारे गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 11:30 बजे पुलिस थाना रोहड़ू में दोनों के लापता होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने रात में ही नदी किनारे सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान दोनों छात्रों के कपड़े और जूते बरामद हुए। परिजनों द्वारा सामान की पहचान किए जाने के बाद नदी में डूबने की आशंका और गहरा गई।

एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा स्वयं सर्च अभियान की निगरानी कर रहे हैं। बुधवार सुबह पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की टीमें नदी के दोनों किनारों पर तलाशी में जुट गईं। स्थानीय गोताखोरों ने मुख्य क्षेत्र में दो बार तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद अब एनडीआरएफ की विशेष टीम को भी अभियान में उतारा गया है। टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के गहरे हिस्सों में छात्रों की तलाश कर रही है। पब्बर नदी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस की मोबाइल टीमों को सावड़ा और बांध की ओर निचले क्षेत्रों में भी भेजा गया है, ताकि यदि छात्र पानी के बहाव के साथ आगे निकल गए हों तो वहां भी उनकी तलाश की जा सके।

प्रशासन और बचाव दल की ओर से छात्रों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *