8 मई: पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए (NH-154A) का जिम्मा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंप दिया गया है। यह निर्णय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अधिनियम, 1988 की धारा-11 के तहत लिया गया है।
यह हाईवे पंजाब के चक्की क्षेत्र से शुरू होकर बनीखेत, चंबा और भरमौर तक जाता है। अब इस मार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण, रखरखाव और विकास से जुड़े सभी कार्य NHAI की निगरानी में किए जाएंगे। पर्यटन, धार्मिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस मार्ग को हिमाचल की लाइफलाइन माना जाता है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदा और रावी नदी में आई बाढ़ के कारण इस हाईवे को भारी नुकसान पहुंचा था। कई जगह सड़क पूरी तरह बह गई थी और यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। इसके बाद से ही इस हाईवे को NHAI के अधीन लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई थी, जिस पर अब केंद्र सरकार ने अंतिम मुहर लगा दी है।
इसी मार्ग से हर साल लाखों श्रद्धालु पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर पहुंचते हैं, ऐसे में NHAI के अधीन आने से सड़क सुविधाओं में सुधार और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।