8 मई: हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा और शिमला के बीच हवाई संपर्क एक बार फिर बहाल होने जा रहा है। 11 मई से एलायंस एयर शिमला से गगल हवाई अड्डे के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। लंबे समय से बंद पड़ी इस सेवा के दोबारा शुरू होने से पर्यटन कारोबार, होटल उद्योग और स्थानीय परिवहन क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एलायंस एयर का विमान सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को शिमला से उड़ान भरकर सुबह करीब 10 बजे गगल हवाई अड्डे पहुंचेगा। इसके बाद कुछ समय रुकने के पश्चात विमान वापस शिमला के लिए रवाना होगा। एयरलाइन ने इस सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है, जिससे यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से शिमला-गगल और दिल्ली-गगल के बीच एलायंस एयर की उड़ानें बंद थीं। ऐसे में अब सेवा बहाल होने से धर्मशाला, मकलोडगंज और कांगड़ा घाटी आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रदेश के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों के बीच सीधा हवाई संपर्क बनने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय होटल कारोबारियों, ट्रैवल एजेंसियों और टैक्सी ऑपरेटरों का मानना है कि उड़ान सेवा दोबारा शुरू होने से पर्यटन सीजन में कारोबार को गति मिलेगी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इसे राहत भरा कदम बताया है।
फिलहाल गगल हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली से नियमित उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। इसके अलावा स्पाइसजेट भी दिल्ली से गगल के लिए अपनी सेवाएं दे रही है।