21 नवम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर जिले के ब्राहलड़ी और डुढाणा गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल्द हैंडपंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा दोनों गांवों के मोक्षधाम तक संपर्क सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के एस्टीमेट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
सुनील शर्मा बिट्टू शनिवार को राजकीय उच्च पाठशाला ब्राहलड़ी के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल में स्टेज निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने और गांव के सामुदायिक भवन में लाइब्रेरी स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने की बात भी कही।
उन्होंने बताया कि ब्राहलड़ी गांव के करीब 15 परिवारों की पेयजल समस्या दूर करने के लिए हैंडपंप लगाया जाएगा। इसके अलावा पीपल के टियाले के पास और डुढाणा के मोक्षधाम के नजदीक भी पानी की व्यवस्था की जाएगी। डुढाणा क्षेत्र में लोगों की जमीन की बाड़बंदी के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने अपनी ओर से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हमीरपुर जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, मदर-चाइल्ड अस्पताल, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज और बस स्टैंड सहित कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
इससे पहले स्कूल के मुख्याध्यापक अरुण अत्री ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती, वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, स्थानीय प्रधान रवि प्रकाश, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।