21 नवम्बर, बबलू गोस्वामी: नादौन उपमंडल के दुर्गा सिंह स्मारक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बड़ा में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के वाइस चेयरमैन डॉ. मोहन लाल कोंडल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
समारोह से पहले मुख्य अतिथि ने स्कूल में सात दिनों से चल रहे एनएसएस शिविर का समापन किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। एनएसएस प्रभारी सुशील पठानिया और सह प्रभारी सुनीता अबरोल ने बताया कि शिविर में कुल 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया और जागरूकता रैलियां निकालीं।
डॉ. मोहन लाल कोंडल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का दौर है। ऐसे में जीवन में सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत और लगन जरूरी है। मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं, ताकि अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में भी बेहतर शिक्षा की सुविधाएं मिल सकें।
समारोह की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य अंजना कोंडल ने की। इस अवसर पर पीटीए प्रधान देशराज परमार, कैप्टन कुलतार चंद परमार, लाल चंद परमार, सुंदर्शन जरियाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगाए।