पटाखा फैक्टरी में झुलसी एक और महिला की मौत, मृतकों की संख्या हुई 11

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

ऊना, 28 फरवरी। ऊना पटाखा फैक्टरी बलास्ट में झुलसी एक और महिला ने रविवार दोपहर बाद पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक इस मामले में 11 मौतें हो चुकी हैं। अब पीजीआई चंडीगढ़ में 3 घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 3 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मृतक महिला की पहचान नसरीन (40) पत्नी छोटे निवासी बिलासपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।


महिला 5 दिन तक पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ती रही। रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे उसकी मौत हो गई। उधर, मामले में पुलिस की ओर गठित एसआईटी की तफ्तीश जारी है। मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने गुलफाम मोहम्मद के भाई नदीम को गिरफ्तार किया है। दोनों की भूमिका लेबर को लाने को लेकर ही सामने आ रही है।


फरार चल रहे फैक्टरी संचालकों को दबोचने के लिए पुलिस पंजाब, दिल्ली, यूपी समेत अन्य राज्यों में दबिश दे रही है। भूमिगत संचालक अभी गिरफ्त से बाहर है। बता दें कि हरोली उपमंडल के बाथू स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए हादसे में छह महिलाओं की मौत मौके पर हो गई थी। 11 घायलों को पीजीआई रेफर किया गया था। पीजीआई में उपचार के दौरान अब तक कुल पांच महिलाओं की मौत हो चुकी है।

वर्तमान में 3 मरीजों का उपचार चल रहा है। डीसी राघव शर्मा ने रविवार को हादसे में घायल एक महिला की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कुल 11 मौत अब तक हुई हैं। कुछ घायलों का पीजीआई में डॉक्टरों की देखरेख में उपचार चला हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *