प्रदेश के 173 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मिलेगा उत्कृष्ट सेवा पदक, सूची जारी

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल  

शिमला, 28 फरवरी। हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक की सूची जारी कर दी है। वर्ष 2020 के 96 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 77 कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से जल्द नवाजा जाएगा। शनिवार देर शाम को पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने इसकी अधिसूचना जारी की।

जिला सिरमौर के विभिन्न पुलिस थानों में कार्यरत 6 पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों का चयन किया गया है। 3 कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा तीन अन्य को अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है। उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए पांवटा साहिब उपमंडल के पुलिस थाना पुरुवाला प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार, सीआइडी नाहन से हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार तथा पुलिस चौकी कच्चा टैंक नाहन से कांस्टेबल अयूब खान का चयन किया गया है।

अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जिला सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में गिने जाने वाले शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मस्तराम ठाकुर, नाहन ट्रैफिक इंचार्ज एएसआइ रामलाल तथा पांवटा साहिब पुलिस थाने में अतिरिक्त थाना प्रभारी जीतराम का चयन किया गया है।

पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों ने बताया कि उत्कृष्ट सेवा पदक तथा अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए अधिकारियों द्वारा चयन किया जाता है। यह चयन कर्मचारियों के कुशल कार्यक्षमता, जनता के साथ बेहतरीन संवाद तथा कर्मचारी किस तरह से अपने कार्य को करते हैं, बहुत सारे ऐसे प्वाइंट्स चयन की प्रक्रिया में शामिल किए जाते हैं। उसके बाद गोपनीय प्रक्रिया के तहत इन पुरस्कारों के लिए उच्च अधिकारियों द्वारा चयन किया जाता है। यह पुरस्कार जल्द ही इन सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *