पंजाब-हरियाणा से शिमला पहुंच रहा था चिट्टे का जाल, पुलिस ने दबोचे 2 बड़े सप्लायर

20 जून : शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब और हरियाणा से चिट्टे के 2 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि पुलिस अब केवल छोटे पैडलर्स ही नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े बड़े तस्करों पर भी शिकंजा कस रही है।

पहले मामले में 5 जून को ठियोग पुलिस ने 9.150 ग्राम चिट्टे के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पता चला कि चिट्टे की सप्लाई पंजाब से की गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहाली के खरड़ निवासी हिमांशु कनौजिया उर्फ हर्ष को गिरफ्तार किया।

दूसरे मामले में जुब्बल थाना पुलिस ने 28 अप्रैल को 20.09 ग्राम चिट्टे के साथ 3 आरोपियों को पकड़ा था। पूछताछ और तकनीकी जांच में हरियाणा से जुड़े सप्लायर का पता चला। पुलिस टीम ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले में दबिश देकर मनजीत सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी अभिषेक ने बताया कि वर्ष 2026 में शिमला पुलिस अब तक 2.5 किलो चिट्टा बरामद कर चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में ढाई गुना अधिक है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *