नौकरी के तीसरे दिन हादसा, ESIC ने दिया सहारा; पीड़ित कर्मचारी को मिलेगी मासिक पेंशन

19 जून : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के शाखा कार्यालय कांगड़ा ने सितंबर 2024 से जिले में अपना संचालन शुरू किया है। इसके माध्यम से ईएसआईसी के तहत पंजीकृत कर्मचारियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी लाभ प्रदान किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 18 जून को हिमाचल फ्लोर मिल, कांगड़ा में कार्यरत अजय कुमार को स्थायी अपंगता हितलाभ योजना के तहत मासिक पेंशन स्वीकृत कर जारी की गई। अजय कुमार ने हिमाचल फ्लोर मिल में बतौर मिस्त्री नौकरी शुरू की थी, लेकिन नियुक्ति के महज तीन दिन बाद ही एक हादसे में उनका हाथ मशीन में फंस गया, जिससे उनकी चार उंगलियां कट गईं।

कंपनी के ईएसआईसी में पंजीकृत होने के कारण दुर्घटना की सूचना कर्मचारी राज्य बीमा निगम को दी गई। विभागीय जांच और चिकित्सा बोर्ड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अजय कुमार को स्थायी अपंगता श्रेणी में 5,200 रुपये प्रतिमाह पेंशन स्वीकृत की गई।

अजय कुमार ने कहा कि नौकरी के तीसरे दिन हुई दुर्घटना के बाद उनका जीवन संकट में पड़ गया था, लेकिन कर्मचारी राज्य बीमा निगम उनके लिए एक बड़े सहारे के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि यह पेंशन उनके जीवनयापन में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगी।

शाखा प्रबंधक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाखा कार्यालय कांगड़ा ईएसआईसी से जुड़े कर्मचारियों को सभी पात्र लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नियोजकों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में कार्यरत सभी पात्र कर्मचारियों का समय पर ईएसआईसी में पंजीकरण करवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि किसी भी नए कर्मचारी की नियुक्ति के 10 दिनों के भीतर उसका ईएसआईसी में पंजीकरण करवाना आवश्यक है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *