6 मई: जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर मंगलवार रात जोरदार धमाका हुआ, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई, जो दीवार से टकराकर फट गया।
घटना के बाद DGP गौरव यादव अमृतसर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने पुष्टि की कि जालंधर और अमृतसर में IED धमाके हुए हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर में टाइमर या रिमोट के जरिए विस्फोट किया गया हो सकता है और इसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों का हाथ होने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की एनिवर्सरी के चलते इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया हो सकता है।
वहीं, श्री आनंदपुर साहिब में शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे धमाके चुनावी माहौल बनाने के लिए कराए जा रहे हैं, ताकि लोगों में डर पैदा कर वोट हासिल किए जा सकें। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि CM ने अपना जालंधर दौरा टाल दिया है, जहां वह एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
धमाकों के बाद चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, जालंधर ब्लास्ट की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है, जिसमें कुछ अधिकारियों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।