चम्बा-तीसा रोड हादसा: तेज रफ्तार ने छीनी युवक की जिंदगी, साथी की हालत नाजुक

6 मई: चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर सरोल के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय आदित्य कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी बनवाली (तहसील सलूणी) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक 21 वर्षीय अक्षय शर्मा पुत्र परवीन कुमार निवासी ढिगाई (सलूणी) बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक देर रात बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सरोल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अक्षय शर्मा का इलाज जारी है।

एसपी विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *