20 जून : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीमों ने पंजाब में दबिश देकर अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े 3 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब केवल छोटी खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन के जरिए पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंच रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव साहोता, हनी पुत्र सोमनाथ और हनी कुमार पुत्र ऋषि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हनी कुमार मुख्य सरगना अभिषेक साहोता के लिए चिट्टा सप्लायरों से संपर्क बनाए रखता था और पूरे नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। वहीं गौरव साहोता और हनी पुत्र सोमनाथ ड्रग मनी के वित्तीय लेन-देन को संभालते थे।
पुलिस अब नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है। संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर ड्रग मनी से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी की जा रही है।
पालमपुर पुलिस अब तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन मामलों में 167.18 ग्राम चिट्टा, एक पिस्तौल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और 18 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी कांगड़ा अशोक रतन ने कहा कि ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत नशा तस्करों और उनसे जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है।