कंडवाल बैरियर पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी से भरा वाहन जब्त

20 जून: वन विभाग ने अवैध वन कटान और तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कंडवाल बैरियर चौक पर अवैध लकड़ी से लदे एक वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन माफिया और लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम देर रात कंडवाल बैरियर चौक पर नाकेबंदी और नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मालवाहक वाहन (HP 38C-3537) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में भारी मात्रा में लकड़ी लदी मिली।

जब टीम ने चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परमिट मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित वाहन को कब्जे में ले लिया।

वन रेंज अधिकारी अब्दुल हामिद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि लकड़ी को अवैध रूप से पंजाब ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वन संपदा की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *