20 जून : कांगड़ा-टांडा मार्ग पर कांगड़ा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापेट पर चढ़ गई। हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय दुकान के बाहर कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन कार उनके पास पहुंचने से पहले ही पैरापेट पर रुक गई। इससे वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए। हादसे के दौरान दुकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, हालांकि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सड़क किनारे बने पैरापेट पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में सवार श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई।