नेशनल हाईवे-5 पर फिर हादसा: सनवारा के खतरनाक मोड़ पर दो गाड़ियों की टक्कर

1 मई: सोलन जिले में नेशनल हाईवे 5 पर एक बार फिर सड़क हादसा सामने आया है। सनवारा टोल प्लाजा से पिंजौर की ओर स्थित एक तीखे मोड़ पर दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एक वाहन गलत दिशा में दूसरी लेन में घुस गया, जिससे सामने से आ रही गाड़ी से सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसे में दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह मोड़ पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह रह चुका है। यहां तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना अक्सर हादसों का कारण बनता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने, चेतावनी संकेत स्पष्ट करने और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *