कांगड़ा में HRTC बस से नशीला पदार्थ बरामद, 13 वर्षीय नाबालिग से मिली खेप

1 मई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक अहम कार्रवाई की है। गगल थाना क्षेत्र में अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी बस की तलाशी के दौरान नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में एक 13 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार सीआईए कांगड़ा की टीम एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में बनोई पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अमृतसर-बैजनाथ रूट की एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया। बस में एक नाबालिग लड़का अकेला यात्रा कर रहा था, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ।

तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 130.48 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह पदार्थ उसे अमृतसर में एक रिश्तेदार द्वारा दिया गया था और रास्ते में वापस लेने की बात कही गई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले में जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *