नीट पेपर लीक के खिलाफ जागरूकता अभियान को कांग्रेस ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक

20 जून , तरसेम जरयाल : नीट पेपर लीक समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के निर्देश पर जारी सूची के अनुसार विभिन्न जिलों में होने वाली प्रेस वार्ताओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों की निगरानी के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि चंबा में 22 और 23 जून को आयोजित कार्यक्रमों के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष कर्ण पठानिया, महासचिव मनमोहन कटोच, बलविंदर बबलू और जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी को पर्यवेक्षक बनाया गया है। कांगड़ा में 24 और 25 जून को होने वाले कार्यक्रमों के लिए उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा, महासचिव विवेक कुमार, अमित भरमौरी, यशवंत खन्ना तथा जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंडी में 22 और 23 जून को आयोजित कार्यक्रमों के लिए उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर, महासचिव रणजीत सिंह राणा, देवेंद्र जग्गी और जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। हमीरपुर में 20 और 21 जून को तथा ऊना में 23 और 24 जून को आयोजित कार्यक्रमों के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी प्रकार बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, शिमला शहरी, कुल्लू, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति जिलों के लिए भी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।

कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं के हितों की रक्षा को लेकर जनता को जागरूक किया जाएगा। साथ ही कथित परीक्षा घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ जनमत तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *