6 अक्तूबर: पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत डिटैक्शन सैल नाहन की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19.44 ग्राम चिट्टा और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में ददाहू निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार डिटैक्शन सैल की टीम चबाहां के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी कथित तौर पर ददाहू और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/हेरोइन बेचने का काम करते हैं तथा एक वाहन में कालाअंब की ओर से ददाहू जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 19.44 ग्राम चिट्टा और एक हजार रुपये नकद बरामद हुए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना नाहन में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।