नाहन अस्पताल में मिला भ्रूण: CCTV से खुला मामला, नाबालिग के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

24 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां राजगढ़ के सिविल अस्पताल के बाथरूम में भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। घटना बुधवार की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के शौचालय की सफाई के दौरान एक संदिग्ध वस्तु देखी गई। जांच करने पर वह भ्रूण निकला, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक नाबालिग लड़की की पहचान की गई, जो उसी दिन पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाथरूम में ही उसका गर्भपात हुआ, जिसके बाद वह वहां से चली गई।

पूछताछ में नाबालिग ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने भ्रूण को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। शुरुआती तौर पर भ्रूण चार से पांच महीने का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *