नालागढ़ में नशा तस्करों के परिवार की 2.08 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

17 सितम्बर, कविता शांति गौतम : पुलिस जिला बद्दी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत नशा तस्करों की अवैध गतिविधियों के साथ-साथ नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नालागढ़ थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नशा तस्करों और उनके परिजनों से संबंधित करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को कानून के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया गया है।

पुलिस थाना नालागढ़ में दर्ज एफआईआर संख्या 119/2024 में आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा पुत्र रणजीत सिंह, निवासी टिक्कर पनौह, नालागढ़ के कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों और उनके परिजनों की संपत्तियों को लेकर विस्तृत वित्तीय जांच की। इसमें संपत्तियों के स्रोत के साथ-साथ मामले से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की गई। जांच के आधार पर संबंधित संपत्तियों को नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार रणजीत सिंह की पत्नी अमरजीत कौर से संबंधित एक टाटा पंच कार, जिसकी अनुमानित कीमत 8.47 लाख रुपये है, एक्टिवा स्कूटी 90 हजार रुपये, टीवीएस जुपिटर 70 हजार रुपये, टिक्कर पनौह में करीब 7.10 बिस्वा भूमि जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 40 लाख रुपये और करीब 5 बिस्वा हिस्से पर बना दो मंजिला मकान जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है, को फ्रीज किया गया है। इन संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 80.07 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक अमरजीत कौर वर्तमान में पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत किशनपुरा जेल में निरुद्ध हैं।

इसी तरह रणजीत सिंह के पुत्र सतनाम सिंह सत्ती से संबंधित टीवीएस मोटरसाइकिल 1.25 लाख रुपये, एक्टिवा 90 हजार रुपये और मारुति जेन कार 1 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। इसके अलावा 2.10 बिस्वा भूमि पर निर्मित मकान और भूमि, जिसकी वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये है, को भी फ्रीज किया गया है। इन संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 83.15 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस के अनुसार उक्त भूमि और मकान सतनाम सिंह की पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम पर दर्ज हैं।

वहीं, गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित जेएचएसडीपी नालागढ़ स्थित 2 बीएचके मकान और भूमि को भी फ्रीज किया गया है। इसकी वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार अमरजीत कौर से संबंधित 80.07 लाख रुपये, सतनाम सिंह सत्ती से संबंधित 83.15 लाख रुपये और गुरप्रीत सिंह जट्टा से संबंधित 45 लाख रुपये की संपत्तियों को मिलाकर कुल करीब 2 करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपये की चल एवं अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच और उन्हें फ्रीज या जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों से संबंधित करीब 5.5 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *