13 मई: नगर परिषद नालागढ़ चुनाव इस बार केवल राजनीतिक मुकाबलों को लेकर ही नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की अनूठी पहल को लेकर भी चर्चा में है। पहली बार नगर परिषद के सभी 9 वार्डों के मतदान केंद्रों की पूरी जिम्मेदारी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपी गई है। मतदान प्रक्रिया से लेकर ईवीएम संचालन और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तक पूरी चुनावी कमान महिला पोलिंग पार्टियां संभालेंगी।
17 मई को होने वाले नगर परिषद चुनाव के लिए प्रशासन ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से सभी मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
चुनावी ड्यूटी में तैनात 12 महिला पोलिंग पार्टियों की दूसरी रिहर्सल भी आयोजित की गई, जिसमें ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी, मतदाता सत्यापन, मॉक पोल और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान सामग्री वितरण, ईवीएम सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए हैं।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें। निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।