संकल्प पत्र में भाजपा के बड़े वादे, पालमपुर-धर्मशाला को मिलेगा नया स्वरूप

13 मई: नगर निगम पालमपुर और धर्मशाला के चुनावों को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को दोनों नगर निगमों के लिए अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए विकास, पर्यटन, ट्रैफिक प्रबंधन और आधुनिक सुविधाओं पर बड़ा फोकस किया है।

पालमपुर में भाजपा ने शहर की बढ़ती समस्याओं के समाधान के लिए अंडरपास, पुल और फ्लाईओवर निर्माण का वादा किया है। कालू दी हट्टी से कैंब्रिज स्कूल होते हुए लोहना तक मोल खड्ड के ऊपर फ्लाईओवर बनाने की योजना प्रस्तावित की गई है। हर वार्ड में आधुनिक पार्किंग, रेन शेल्टर, बुजुर्गों के लिए पार्क, ओपन जिम और बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क विकसित किए जाएंगे। शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों को चलाने के लिए मास्टर सोलर प्लांट लगाने तथा बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने का भी संकल्प लिया गया है।

भाजपा ने पालमपुर को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने, टैक्सी ऑपरेटरों और होटल कारोबारियों के साथ मिलकर पर्यटन को बढ़ावा देने तथा शहर को चिट्टा और नशा मुक्त बनाने की बात कही है। महिला सुरक्षा के लिए हर वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और बिंद्रावन में पुलिस चौकी को फिर से बहाल किया जाएगा। इसके अलावा निगम क्षेत्र में सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नाम जोड़ने-कटवाने सहित अन्य सेवाओं को आसान बनाने का दावा किया गया है।

भूमिहीन और आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत घर उपलब्ध करवाने, बेसहारा पशुओं के लिए गोसदन बनाने और नगर निगम क्षेत्र का एरियल सैटेलाइट सर्वे करवाने की भी घोषणा की गई है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पालमपुर नगर निगम में भाजपा का मेयर और डिप्टी मेयर बनने पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं, धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने 32 बिंदुओं वाला विजन डॉक्यूमेंट जारी कर शहर के कायाकल्प का रोडमैप पेश किया। पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा ने भाजपा नेताओं के साथ इसे जारी करते हुए कहा कि धर्मशाला को आधुनिक पर्यटन और स्मार्ट सिटी मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

धर्मशाला में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए 22 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग विकसित करने और ई-टैक्सी सेवा शुरू करने का वादा किया गया है। चरान से भागसू तक फनिक्यूलर यातायात परियोजना, कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास तथा नए बस अड्डे के निर्माण की योजना भी सामने रखी गई है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 24×7 “डॉक्टर ऑन कॉल” ऐप शुरू करने, महिलाओं के लिए कोऑपरेटिव ग्रिड बनाने, युवाओं के लिए मल्टी-स्पोर्ट्स जोन और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने का भी वादा किया गया है। शहर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने, जल संरक्षण के लिए छोटे बांध बनाने और निगम की सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने का दावा भी भाजपा ने किया है।

इसके अलावा धर्मशाला की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, कला केंद्र, फुटबॉल अकादमी, साइकिलिंग और जॉगिंग ट्रैक तथा कैंची मोड़ पर व्यूइंग डेक बनाने की योजना को भी संकल्प पत्र में शामिल किया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *