13 मई: जोगिंद्रनगर में आज HRTC बसों के पहिए थम गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चालक-परिचालकों ने वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल का रास्ता अपनाया, जिसके चलते सभी सरकारी बस रूट प्रभावित रहे।
चालक-परिचालक संघ से जुड़े अजय कुमार ने बताया कि महीने की 13 तारीख बीत जाने के बावजूद कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानियों के चलते कर्मचारियों को मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनका वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक बसों का संचालन बंद रहेगा। वहीं, अचानक बस सेवा ठप होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।