19 जून : ओमान और ईरान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में हुए हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत हड़ेटा के भालू गांव निवासी मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा (23) का पार्थिव शरीर गुरुवार को नौ दिन बाद उनके पैतृक गांव पहुंचा। बेटे की अंतिम झलक पाने के इंतजार में बीते नौ दिनों से व्याकुल परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक और दर्दनाक रहा। गांव के मोक्षधाम में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और गणमान्य लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
जैसे ही आदित्य की पार्थिव देह गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपने इकलौते बेटे के भविष्य को लेकर अनेक सपने संजोए माता-पिता के लिए यह क्षण असहनीय था। मां का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि पिता ने भारी मन से बेटे को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा।
अंतिम संस्कार में नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह, एसडीएम नादौन निशांत शर्मा, तहसीलदार गलोड़ केशव कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आदित्य को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
बेटे को खोने के दुख से टूट चुके आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि उनका बेटा तो अब वापस नहीं आ सकता, लेकिन वह चाहते हैं कि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। उन्होंने केंद्र सरकार से अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की मांग की।
बुधवार देर शाम आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया था। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद अंतिम यात्रा भालू गांव पहुंची, जहां पूरे क्षेत्र ने नम आंखों से अपने होनहार बेटे को अंतिम विदाई दी।
गौरतलब है कि 10 जून को ओमान की खाड़ी में एक वाणिज्यिक टैंकर पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। इनमें हमीरपुर जिले के भालू गांव के 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी आदित्य शर्मा भी शामिल थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।