नगरोटा बगवां में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

9 जून: नगरोटा बगवां-मस्सल मार्ग पर एक निजी स्कूल के समीप सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार 12 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और ग्रामीणों ने दूसरे वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार मस्सल निवासी करीब 40 वर्षीय सतीश अपने भांजे के साथ बाइक पर जा रहा था। निजी स्कूल के पास पहुंचने पर उसकी बाइक की दूसरे दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि दूसरे वाहन चालक को तुरंत हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण करवाया जाए।

जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू की तो ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि जब तक दूसरे वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक शव को अस्पताल से नहीं ले जाने दिया जाएगा।

घटना की सूचना मिलने पर विधायक एवं हिमाचल पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *