धौलासिद्ध प्रोजेक्ट एसजेवीएनएल से वापस लेगी सरकार, 800 करोड़ रुपये देने का ऐलान: मुख्यमंत्री

19 सितम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को एसजेवीएनएल से वापस लेने के लिए 800 करोड़ रुपये देगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री नादौन विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी पर 31.19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 250 मीटर लंबे सधोड़ा पत्तन पुल के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुल बनने से नादौन और ज्वालामुखी की 15 पंचायतों के 30 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा और दोनों क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा।

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके निर्माण के लिए राज्य सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू होगा और यहां जापान के सहयोग से करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए भी 150 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार हमीरपुर को एजुकेशन कैपिटल और कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल के रूप में विकसित कर रही है। नादौन में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज और स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बनाया जा रहा है। वहीं, ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों और पशुपालकों के हित में कई योजनाएं चला रही है। ढगवार में 300 करोड़ रुपये की लागत से मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पंचायत में पंचायत भवन और कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *