धर्मशाला में 24 से 31 दिसंबर तक कांगड़ा वैली कार्निवल, तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने दिए निर्देश

30 सितंबर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में कांगड़ा वैली कार्निवल के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवल के दौरान प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि धर्मशाला में कांगड़ा वैली कार्निवल 24 से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्निवल से पहले धर्मशाला में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जिनमें देश और प्रदेश के अतिविशिष्ट व्यक्तियों का प्रवास रहेगा। ऐसे में सभी संबंधित विभाग तैयारियां अभी से शुरू करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कार्निवल की विभिन्न गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए विभागवार समितियां गठित करने और प्रत्येक समिति को स्पष्ट दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय से कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आयोजन स्थल की साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल और विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, मंच व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि कार्निवल के दौरान स्मारिका प्रकाशन, मैराथन, साइक्लिंग, एंटी-चिट्टा नुक्कड़ नाटक और विभिन्न खेल गतिविधियों सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से भी विभिन्न गतिविधियां करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुरूप धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में कार्निवल के शुभारंभ अवसर पर कन्सर्ट आयोजित करने का प्रस्ताव है। कन्सर्ट में टिकट के माध्यम से प्रवेश होगा। इससे कार्निवल के आयोजन के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी।

बैठक में नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक चौहान, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *