कांगड़ा-शाहपुर में आंगनवाड़ी के 15 पदों पर भर्ती, 17 अक्टूबर तक करें आवेदन

30 सितंबर: बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रैत के कार्यालय की ओर से कांगड़ा और शाहपुर उपमंडल के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के कुल 15 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें कांगड़ा उपमंडल के 3 और शाहपुर उपमंडल के 12 पद शामिल हैं।

सीडीपीओ रैत निर्मला देवी ने बताया कि कांगड़ा उपमंडल में गुब्बर पंचायत के लपियाना-2, लपियाना खास तथा मनेई पंचायत के मावा मंद्रेला आंगनवाड़ी केंद्रों में सहायिका के पद भरे जाएंगे।

शाहपुर उपमंडल में कुठमा पंचायत के भेड़ी, सराह पंचायत के जटेड, रैत पंचायत के रैत-1, चढ़ी पंचायत के ऊनी बेहडु, भलेड पंचायत के काकड़ा, रजोल, बंडी पंचायत के घरथेड-1, नेरटी पंचायत के नेरटी-2, मंझग्रां पंचायत के छतड़ी, मकरोटी पंचायत के मकरोटी-1, डोहब पंचायत के झिकला डोहब तथा हरनेरा पंचायत के बड़न्ज-1 आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद भरे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार का संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे/फीडर क्षेत्र का निवासी होना भी जरूरी है।

इच्छुक उम्मीदवार 17 अक्टूबर 2026 तक कार्यदिवस के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी, रैत के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। कांगड़ा उपमंडल के लिए साक्षात्कार 23 अक्टूबर 2026 और शाहपुर उपमंडल के लिए 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।

अधिक जानकारी के लिए संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र, वृत्त पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी, रैत के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *