धर्मशाला में कल होगा सिक्योंग पेंपा त्सेरिंग का शपथ ग्रहण, दलाईलामा रहेंगे मौजूद

26 मई: धर्मशाला के मकलोडगंज स्थित केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (CTA) में नवनिर्वाचित सिक्योंग (राष्ट्रपति) पेंपा त्सेरिंग के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह भव्य समारोह 27 मई को सुबह आठ बजे त्सुगलाखंग मठ यानी दलाईलामा मंदिर में आयोजित होगा। 14वें तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा की मौजूदगी में पेंपा त्सेरिंग पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।

समारोह को तिब्बती लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के लोग शामिल होंगे। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन का कहना है कि यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों और तिब्बती समुदाय की एकता का प्रतीक बनेगा।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर धर्मशाला और मकलोडगंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यातायात प्रबंधन और मेहमानों के स्वागत के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

इसके साथ ही 28 से 30 मई तक धर्मशाला के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस ग्राउंड में तीन दिवसीय तिब्बती सांस्कृतिक महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में तिब्बती लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य, कला और खानपान की झलक देखने को मिलेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 1959 में तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा हजारों तिब्बतियों के साथ भारत आए थे और तब से धर्मशाला का मकलोडगंज निर्वासित तिब्बती समुदाय का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसके बाद निर्वासित तिब्बती प्रशासन ने शिक्षा, पुनर्वास, धार्मिक संस्थानों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वर्तमान में दुनिया के कई देशों में रह रहे तिब्बती समुदाय के लोग निर्वासित सरकार के चुनाव में मतदान करते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *