पंचायत चुनाव में महिलाओं की शानदार भागीदारी, पिंक बूथों ने खींचा सबका ध्यान

26 मई: पंचायत चुनाव के दौरान जिला प्रशासन की विशेष पहल चर्चा का विषय बनी रही। ग्राम पंचायत पट्टा के नगरांव वार्ड और सेऊ क्षेत्र के जाहरी में बनाए गए पिंक पोलिंग बूथ मतदाताओं, खासकर महिलाओं के आकर्षण का केंद्र बने। इन बूथों की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों ने संभाली। मतदान प्रक्रिया से लेकर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं तक हर मोर्चे पर महिलाओं की तैनाती की गई थी।

प्रशासन की ओर से महिलाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर मतदान माहौल देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई। बूथों को गुलाबी थीम से सजाया गया था, जिससे मतदान केंद्रों का वातावरण अलग और आकर्षक नजर आया। महिलाओं की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, ठंडे पानी और छोटे बच्चों के लिए प्ले रूम की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि महिलाएं बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।

स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत महिला डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी तैनात रही। घुमारवीं के नगरांव बूथ पर डॉ. गरिमा, डॉ. शिल्पा ठाकुर और वंदना ने स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाली। मतदान के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने प्रशासन की इस पहल की जमकर सराहना की। बूथों पर लगाए गए सेल्फी स्टैंड भी महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पिंक पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन बूथों का मकसद महिलाओं को सुरक्षित, सहज और प्रेरणादायक वातावरण देना है, ताकि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *