16 सितम्बर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 16 रेंजर्स ने राज्य स्तरीय निपुण परीक्षण शिविर में सफलता हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश की ओर से 10 से 14 सितंबर 2026 तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र, रिवालसर, जिला मंडी में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्काउटिंग कौशल, दक्षताओं और नेतृत्व गुणों का प्रदर्शन किया।
राज्य स्तरीय निपुण परीक्षण शिविर रेंजर्स के प्रगतिशील प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। इसमें प्रतिभागियों की स्काउटिंग दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का परीक्षण किया जाता है। धर्मशाला कॉलेज के सभी 16 रेंजर्स ने निपुण स्तर की निर्धारित आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी सफल रेंजर्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्राचार्य संजय जसरोतिया ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें सेवा, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस सफलता में रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने शिविर से पहले विद्यार्थियों को निपुण परीक्षा की तैयारी करवाई और शिविर के दौरान भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
धर्मशाला कॉलेज के रेंजर्स की यह उपलब्धि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, कौशल विकास और समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे संस्थान के प्रयासों को दर्शाती है।