16 सितंबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी कैडेट वंशिका ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर (AITSC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। 5 एचपी बीएन एनसीसी, धर्मशाला की कैडेट वंशिका ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर का आयोजन 31 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित डीजी एनसीसी परिसर में किया गया। कैडेट वंशिका ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उन्होंने जजिंग डिस्टेंस एंड फील्ड सिग्नल इवेंट में स्वर्ण पदक तथा सर्विस सब्जेक्ट में रजत पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई यह उपलब्धि कैडेट वंशिका के परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान विकसित किए गए कौशल को दर्शाती है। उनकी इस सफलता से राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कैडेट वंशिका को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 5 एचपी बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे.के. जोसेफ, महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. संजय जसरोतिया और एएनओ कैप्टन डॉ. रणजीत ठाकुर ने भी वंशिका को बधाई देते हुए उनकी सफलता की सराहना की।
कैडेट वंशिका की इस उपलब्धि में एनसीसी अधिकारियों और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक हासिल कर वंशिका ने धर्मशाला कॉलेज की एनसीसी इकाई की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।