रेड रन 2026 में धर्मशाला कॉलेज के विद्यार्थियों ने जीते चार पुरस्कार

16 सितम्बर, तरसेम जरयाल : धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव मैराथन ‘रेड रन 2026’ में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पुरस्कार हासिल किए। ‘यूथ फॉर एचआईवी/एड्स एंड टीबी अवेयरनेस’ थीम पर आयोजित इस मैराथन में जिला कांगड़ा के 10 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स एवं तपेदिक (टीबी) के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

जोनल अस्पताल परिसर धर्मशाला में आयोजित प्रतियोगिता में रेड रिबन क्लब, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के पांच विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में यशवी ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। पुरुष वर्ग में अंश कमल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 2500 रुपये, आलोक यादव ने तृतीय स्थान हासिल कर 1500 रुपये तथा सुजल ने विशेष प्रशंसा के तहत चतुर्थ स्थान प्राप्त कर 700 रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थी अब जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करते हुए शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय युवा उत्सव मैराथन में भाग लेंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने रेड रिबन क्लब के प्रभारी डॉ. नरेश सिंह मनकोटिया तथा क्लब के सभी सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के कार्यालय और हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (एचपीएसएसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *