16 सितम्बर , कविता शांति गौतम :भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से 14 और 15 सितंबर को नवी मुंबई में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रथम पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाने वाली राजभाषा शील्ड महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार को प्रदान की। यह सम्मान बैंक द्वारा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा नीति के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
सम्मेलन के दौरान बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेंट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन भी किया गया। राजभाषा विभाग के राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बंदी संजय कुमार और राजभाषा सचिव अंशुली आर्या ने इस विशेषांक का विमोचन किया। इस अंक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा और संस्थागत मूल्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
बैंक की ओर से सम्मेलन में 115 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में बैंक की विरासत, नवाचार पहलों, राजभाषा के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों और विकास यात्रा को विभिन्न मॉडलों और प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
हिमाचल प्रदेश से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बद्दी के राजभाषा अधिकारी मोहित वत्स ने भी सम्मेलन में भाग लिया। पुरस्कार मिलने पर हिमाचल की सेंट्रल बैंक टीम ने बैंक के शीर्ष अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे बैंक के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।