10 जुलाई: धर्मपुर विकास खंड के लिए 3.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक चार मंजिला बीडीओ कार्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण सोमवार को कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने पूजा-अर्चना के साथ किया। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेरीकलां से भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया था। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा के बाद भवन को औपचारिक रूप से विकास खंड कार्यालय को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने नवनिर्वाचित और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों से मिलकर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम सभाओं में कोरम संबंधी नियमों में संशोधन कर विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब पहली ग्राम सभा में एक-दसवां और दूसरी बैठक में एक-बीसवां कोरम पर्याप्त होगा, जिससे पंचायतों के लंबित कार्यों का समयबद्ध निपटारा संभव हो सकेगा।
विधायक ने धर्मपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। वहीं, जिला परियोजना अधिकारी रमेश शर्मा ने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि अब बजट का अनुपात 60:40 की बजाय 50:50 कर दिया गया है। इससे पंचायतों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों पर अधिक लचीलापन मिलेगा।
उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बीपीएल चयन की अंतिम तिथि 5 जुलाई से बढ़ाकर 13 जुलाई कर दी गई है, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के बाद विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने नवनिर्मित बीडीओ कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर का औचक दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसीएम महेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार जगपाल सिंह, जिला परियोजना अधिकारी रमेश शर्मा, बीडीओ धनीराम पंवर सहित पंचायती राज विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।