धनेटा में स्थापित होगा आयुर्वेद कॉलेज एवं एम्स स्तरीय संस्थान : सुनील शर्मा बिट्टू

24 सितंबर: 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग की ओर से बुधवार को लंबलू स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में जिला स्तरीय समारोह एवं मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने दीप प्रज्ज्वलन और धन्वंतरि पूजन के साथ शिविर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सकों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद और योग हमें जीवनभर स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ने धनेटा में आयुर्वेद कॉलेज एवं एम्स स्तर का उत्कृष्ट संस्थान स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। संस्थान के लिए प्रारंभिक चरण की बिडिंग के बाद हिमाचल प्रदेश का नाम शॉर्टलिस्ट हुआ है। इससे धनेटा में आयुर्वेद के एम्स स्तर के संस्थान की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के नए कैंपस में नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज के साथ-साथ अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज का भी प्रावधान किया गया है। इसी वर्ष से अलाइड हेल्थ सर्विसेज का बैच शुरू किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में कैंसर केयर संस्थान, अलग मातृ-शिशु अस्पताल और क्रिटिकल केयर यूनिट भी स्थापित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा बस स्टैंड, नगर निगम, सिटी सेंटर सहित कई बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिससे हमीरपुर को नई पहचान मिल रही है।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. तनूजा नागपाल ने सुनील शर्मा बिट्टू, अन्य अतिथियों और स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे लोगों का स्वागत किया तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं आयुर्वेद दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम के बीओडी सदस्य विक्रम शर्मा, एचपीएमसी और हिमकोफैड के बीओडी सदस्य राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता डॉ. आरसी डोगरा, शहनशाह, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *