25 जुलाई: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने लगातार तीसरे दिन भी 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का निर्णय लिया है। इससे मध्य दिल्ली में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएमआरसी ने बताया कि राजीव चौक, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, नई दिल्ली और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों पर फिलहाल यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है। यानी यात्री इन स्टेशनों पर एक लाइन से दूसरी लाइन में ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या बाहर से प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है।
मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने और सड़कों पर बढ़े ट्रैफिक दबाव के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि उनके दैनिक सफर में 40 से 45 मिनट तक अतिरिक्त समय लग रहा है। प्रशासन ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो और ट्रैफिक संबंधी अपडेट की जानकारी लेने की अपील की है।