25 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सचिवालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी भाषा का प्रशिक्षण युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार हासिल करने में मदद करेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण प्रभावी निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाए। इसके अलावा उन्होंने जनजातीय विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) से जुड़े सभी मामलों की अद्यतन स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।