25 जुलाई: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रथ के हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 25 वर्षीय एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग झुलस गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
अधिकारियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा ओम पब्लिक स्कूल से मुख्य मार्ग की ओर बढ़ रही थी। श्रद्धालु रस्सियों के सहारे रथ खींच रहे थे। इसी दौरान रथ ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे पूरे रथ में करंट दौड़ गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में परीक्षितगढ़ निवासी सचिन (25), पुत्र नंद किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। करंट की चपेट में आए अन्य नौ श्रद्धालुओं का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मवाना के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार ने बताया कि रथयात्रा के लिए पहले से प्रशासन की अनुमति ली गई थी। अब यह जांच की जा रही है कि रथ की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आयोजन समिति के अनुसार 18 जुलाई से भगवान जगन्नाथ महोत्सव का आयोजन चल रहा था। कलश यात्रा और धार्मिक कथा के बाद शुक्रवार को पारंपरिक रथयात्रा निकाली जा रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।