8 सितंबर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोल में छात्राओं की अंडर-19 वर्ग की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। समापन समारोह में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलकूद से जहां शरीर स्वस्थ और मजबूत रहता है, वहीं मानसिक विकास भी होता है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में हार और जीत दोनों ही खिलाड़ियों को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपना समय शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। साथ ही, स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 5 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को खराब मौसम के दौरान भी अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 25 विद्यालयों की 223 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान कबड्डी, वालीबॉल, खो-खो, शतरंज और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारडी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संसाल उपविजेता रहा। खो-खो में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला विजेता और राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संसाल उपविजेता रहा। वालीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जंडपुर ने विजेता का खिताब जीता, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलेहरा उपविजेता रहा।
बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौबीन विजेता तथा राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला उपविजेता रहा। शतरंज में राजकीय उच्च विद्यालय झिकली भेट्ठ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय पंजाला उपविजेता रहा।
समापन समारोह में विधायक किशोरी लाल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर प्रधान दयोल अमित ठाकुर, प्रधान धरेड़ अशोक, उपप्रधान दयोल चमन ठाकुर, प्रधान फटाहर गीता देवी, जिला स्कूल खेल एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य एवं प्रधानाचार्य संसाल मनोज उपाध्याय, जगत राम, हरि सिंह, मुंशीराम, उधोराम, सुभाष, चमन भट्ट, चंद्रा देवी, शकुंतला, संजीव कपूर सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।