8 सितंबर: सुंदरनगर विकास खंड कार्यालय के सभागार में नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इसमें ग्राम पंचायत बरोटी, टिहरी, सलापड़ कॉलोनी, चनोल और नालग के प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड पंचों ने भाग लिया।
एसडीएम अमर नेगी ने पंचायत प्रतिनिधियों को भूमि विवादों, वन अधिकार अधिनियम (एफआरए), वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) और नशा निवारण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बंटवारा, सीमांकन और अतिक्रमण से संबंधित मामलों में लागू नियमों एवं प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया।
उन्होंने एफआरए और एफसीए के तहत विकास कार्यों के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार दावों की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। नशा निवारण को लेकर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने, प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया।
जिला विकास अधिकारी मंडी गोपी चंद पाठक ने भी प्रशिक्षण सत्र में पंचायत प्रतिनिधियों को वी.बी.जी. राम जी योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योजना के नियमों और दिशानिर्देशों के साथ मनरेगा की तुलना में हुए बदलावों को समझाया तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए।
कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर नियोन धैर्य शर्मा ने सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।